Monday, June 22, 2009

दिनदहाड़े मुख्य बाजार में फायरिंग से हड़कम्प

दैनिक जागरण, बहराइच, 20 जून 2009: शहर के मुख्य बाजार में आज पैसे के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग की घटना से हड़कम्प मच गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना में दोनों पक्षों की ओर से लगभग आधे घंटे तक पथराव होता रहा। मामला विशेष समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनाव के साथ दहशत का आलम बना हुआ है। हालांकि पुलिस तनाव, दहशत और फायरिंग की घटना से इनकार कर रही है। घटना की सूचना पाकर पुलिस उपाधीक्षक नगर के साथ नगर व दरगाह थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। सीओ की सतर्कता से बड़ा मामला होने से बच गया।

कोतवाली नगर क्षेत्र के वजीरबाग मोहल्ले में रिंकू की परचून की दुकान है। शुक्रवार को इस दुकान से मंसूरगंज के रेहान ने पान-मसाला खरीदा था। दुकानदार द्वारा पैसा मांगने पर उसे गालीगलौज देते हुए धमकी भी दी और पैसा न देकर दबंगई दिखाते हुए वापस लौट गया था। बताया जाता है कि शनिवार को पुन: रेहान कुछ लोगों के साथ उसी दुकान के पास पहुंचा और कुछ लड़कियों को देखकर छींटाकशी करने लगा। इससे मोहल्ले वाले आक्रोशित हो गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। विवाद ने तूल पकड़ लिया और देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से पथराव होने लगा। इसी बीच फायरिंग भी की गयी। दोनों पक्षों के बीच हो रही फायरिंग की सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस उपाधीक्षक नगर रामकेवल के अलावा नगर व दरगाह शरीफ की पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गयी। पुलिस को देखकर हमलावर फरार हो गए। दिनदहाड़े आज हुई इस घटना से शहर में हड़कम्प मच गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। शुक्रवार को हुए घटना की पुलिस को जानकारी दी गयी थी लेकिन पुलिस द्वारा इस घटना को बहुत ही हल्के ढंग में लेकर मामले को दबा दिया था।

पुलिस यदि लेनदेन की घटना पर सक्रिय हो जाती तो ऐसी घटना होने से बच सकती थी। पुलिस उपाधीक्षक नगर ने फायरिंग, तनाव व छींटाकशी की घटना से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कई घरों पर दबिश दी गयी है लेकिन मौके से सभी फरार हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि लगभग दस लोगों को चिह्नित कर लिया गया है जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद मौके पर दहशत के साथ तनाव की स्थिति बनी हुई है।

No comments:

Post a Comment