Saturday, June 6, 2009

सिख युवती के निकाह पर बवाल

दैनिक जागरण, ६ जून २००९, सहारनपुर। घर से भागकर और फिर धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम युवक से निकाह रचाने वाली सिख युवती के परिजनों ने कुछ वकीलों और हिंदूवादी संगठनों के साथ मिलकर सिविल कोर्ट में जबरदस्त बवाल किया। पुलिस और अफसरों की मौजूदगी में जमकर तोड़-फोड़ हुई। परिजन लड़की को जबरन उठाकर ले जाने पर आमादा थे, पुलिस ने बमुश्किल लड़की को सुरक्षित निकालकर अन्यत्र भेजा। बाद में कोर्ट ने सिविल कोर्ट में उपद्रव का कारण बनी दीपिका जौली उर्फ सारिया अंजुम को कड़ी सुरक्षा में वहीं वापस भेजने के निर्देश दिये, जहां से वह आयी थी।

घटनाक्रम के मुताबिक देवबंद के मोहल्ला किला निवासी विजय कुमार जौली की पुत्री दीपिका जौली 25 मार्च को पड़ोस के युवक जिया उल्ला खां के साथ घर से भाग गयी थी। इस मामले में 27 मार्च को विजय ने दीपिका को बहला-फुसला कर भगाने की रिपोर्ट जिया के खिलाफ दर्ज करायी। इस दौरान दीपिका ने धर्म परिवर्तन कर जिया से निकाह कर लिया और हाईकोर्ट के निर्देश पर शुक्रवार को यहां सीजेएम कोर्ट में बयान दर्ज कराने के वास्ते आयी थी। इसी दौरान उसके परिजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने दोपहर 12 बजे सिविल कोर्ट में कुछ अधिवक्ताओं तथा हिंदूवादी नेताओं के साथ मिलकर वह अधिवक्ता जांनिसार के चैंबर पर बैठी दीपिका जौली उर्फ सारिया अंजुम को घसीटना चाहा। इसी दौरान वहां पुलिस फोर्स पहुंच चुकी थी। दीपिका ने खुद को चैंबर में बंद कर लिया तो परिजनों ने फोर्स की मौजूदगी में वकील का चैंबर तोड़ डाला।

बवाल बढ़ता देखकर पुलिस अफसरों ने सुरक्षा घेरे में लड़की को पिछले दरवाजे से बाहर निकाला तो भीड़ ने उन्हें घेर लिया। यहां पुलिस अफसरों और सिपाहियों से हाथापाई हुई। वकीलों ने पुलिस वाहन को तोड़ने का भी प्रयास किया। बहरहाल पुलिस दीपिका लेकर निकल गयी तो वकीलों और हिंदूवादी संगठनों ने सिविल कोर्ट तिराहे पर जाम लगा दिया।

बाद में कोर्ट ने कोर्ट ने सिविल कोर्ट में उपद्रव का कारण बनी दीपिका जौली उर्फ सारिया अंजुम को कड़ी सुरक्षा में वहीं वापस भेजने के निर्देश दिये, जहां से वह आयी थी। कोर्ट ने पुलिस की वह अर्जी भी ठुकरा दी जिसमें शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए दीपिका को नारी निकेतन भेजने की मांग की गयी थी।

1 comment: