Wednesday, September 10, 2008

आगरा में साम्प्रदायिक संघर्ष,फायरिंग और आगजनी

दैनिक जागरण, 9 सितम्बर 2008, आगरा। आगरा के मिश्रित आबादी वाले मंटोला क्षेत्र सोमवार की रात दो समुदायों में जबरदस्त संघर्ष के बाद गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। पुलिस की मौजूदगी में जमकर गोलीबारी और पथराव के बाद दो दुकानों सहित चार मकानों को आग के हवाले कर दिया। पथराव में एसएसपी और दरोगा तथा मीडियाकर्मी सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये। स्थिति को नियंत्रण पाने के लिये कई राउंड गोलियां चलानी पड़ीं। घटना के बाद समूचा इलाका पुलिस की छावनी में तब्दील हो गया है।

घटना रात्रि लगभग 9.45 बजे की है। शहीद नगर निवासी मुस्लिम समाज की महिला मीरा हुसैनी चौराहे पर रिक्शे से उतरी। तभी सामने से आते स्कूटर ने उसे टक्कर मार दी। वह घायल हो गई। पास ही खड़ा मुस्लिम समुदाय का एक युवक मौके पर पहुंच उसे उठाने का प्रयास करने लगा। इसी बीच दूसरे समाज के युवक वहां आ गये। उन्होंने महिला को उठाने का प्रयास करते युवक को धुन दिया। टक्कर मारने वाले स्कूटर को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी बीच जानकारी होने पर मुस्लिम समुदाय के लोग वहां पहुंच गये। दोनों पक्ष के बीच विवाद होने लगा। जिसने संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों समुदाय आमने-सामने आ गये। उनके बीच पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। एक घंटे से अधिक दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। मौके पर एसएसपी रघुबीर लाल पहुंच गये। उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसमें एसएसपी, एसओ नाई की मंडी, एक मीडियाकर्मी सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये। पुलिस ने हालात नियंत्रित करने के लिये लगभग 24 राउण्ड गोलियां चलाईं। संघर्ष में दो दुकानों तथा दो घरों को आग के हवाले कर दिया। आग में फंसे लोगों को पुलिस ने किसी तरह बाहर निकाला। पुलिस देर रात तक स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी थी। मौके पर पीएसी को तैनात किया गया है।

No comments:

Post a Comment