Wednesday, September 10, 2008

मतांतरण अभियान कब तक

मतांतरण अभियान के कारण होने वाले सामाजिक विखंडन की अनदेखी पर चिंता प्रकट कर रहे हैं तरुण विजय

दैनिक जागरण, १० सितम्बर २००८। कंधमाल उड़ीसा का जनजातीय बहुल जिला है जहां की करीब 6 लाख आबादी में प्राय: 52 प्रतिशत कंध जनजातीय लोग हैं जो अधिकांशत: हिंदू हैं। यहां 1857 में कंध वीर चक्र बिशोई ने अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध किया था तब से अंग्रेजों ने यहां के कंध जनजातीय समाज को सबक सिखाने और उनके व्यापक मतांतरण हेतु मिशनरियों के प्रोत्साहन का अभियान छेड़ा। कंध जनजातीय समाज देशभक्ति और धर्मनिष्ठा में अडिग रहा और उसने ब्रिटिश साम्राज्यवादियों की कोशिश सफल नहीं होने दी। मिशनरियों ने इसे एक चुनौती के रूप में माना और दुनिया भर से लाखों डालर एवं विदेशी पादरी यहां ईसाई प्रचार के लिए आक्रामक रूप से काम करते रहे। उनका ज्यादा प्रभाव स्थानीय अनुसूचित जाति पनास पर हुआ, जिसके लगभग डेढ़ लाख मतांतरित लोग कंधमाल में हैं। इस परिस्थिति में स्थानीय जनजातीय समाज के आíथक और धाíमक विकास का संकल्प लिए 1969 में स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती ने कंधमाल में चक्कपाद आश्रम स्थापित कर आदिशंकर की उस परंपरा को जीवंत किया जिसमें नरसेवा को ही नारायण सेवा माना गया है। उन्होंने हजारों जनजातीय बच्चों को शिक्षा दी, उनकी धर्मनिष्ठा सुदृढ़ की, उनके माता-पिता बनकर वात्सल्य उडेला और विदेशी धन के बल पर मतांतरण के षड्यंत्र असफल किए। वे सच्चे अर्थों में गांधी, ठक्कर बापा और विनोबा की परंपरा के क्रांतिकारी संन्यासी थे, जिन्होंने गरीब और अन्त्यजों की सेवा को ही ईश्वरीय साधना माना। 23 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर एके-47 लिए 10-15 हमलावरों ने उनकी हत्या कर दी। अंधाधुंध गोलीबारी में उनके साथ आश्रम में कन्या छात्रावास की संचालिका माता भक्तिमयी, स्वामीजी के शिष्य अमृतानंद और एक छात्र के अभिभावक प्रभाती भी मार डाले गए।

उक्त घटना की प्रतिक्रिया में उपजी हिंसा पर वेटिकन से पोप ने प्रतिक्रिया व्यक्त की और इटली की सरकार ने भी भारतीय राजदूत को बुलाकर विरोध जताया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने स्वदेशी मामले में विदेशी दखल पर वेटिकन और रोम को डपटने के बजाय अपने ही देश पर शर्रि्मदगी का इजहार किया। भारत के कैथोलिक स्कूलों ने उड़ीसा के ईसाई संस्थानों पर जनाक्रोश जनित हमलों के विरोध में हड़ताल की। इन सभी स्कूलों में अधिकाशत: हिंदू बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन उनके एक हिंदू संत की हत्या पर स्कूल बंद नहीं हुए। भारत में स्कूलों और बच्चों का राजनीतिक इस्तेमाल चर्च ने शुरू किया है। इसके अलग परिणाम होंगे। वेटिकन को इस पर कोई दुख नहीं हुआ कि शांतिपूर्वक जनसेवा कर रहे एक हिंदू संत की उन कुछ बर्बर तत्वों द्वारा हत्या कर दी गई जिन पर चर्च के संरक्षण का आरोप लगा है। उड़ीसा में किसी भी प्रकार की हिंसा का कोई समर्थन नहीं कर सकता। निर्दोष चाहे हिंदू मारा जाए या ईसाई, वह भारतीय है और उसकी हत्या पर समाज को दुखी होना चाहिए, लेकिन चर्च और दिल्ली की सत्ता ने दुख का भी सांप्रदायीकरण किया। पिछले वर्ष दिसंबर में भी स्वामी लक्ष्मणानंद की हत्या का प्रयास हुआ था, जो विफल रहा। इसके बाद राज्य सरकार और जिला प्रशासन को अनेक बार पत्र लिखकर सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, पर राज्य सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। 9 अगस्त को कंधमाल के पास कुलमाहा गांव में ईसाइयों की एक बैठक हुई जिसमें आल इंडिया क्रिश्चियन काउंसिल के एक कुख्यात अधिकारी ने हिस्सा लिया जो पहले अमेरिकी संसद में भारत के विरुद्ध बयान देने के लिए चíचत रहे हैं। इस अधिकारी की स्वामीजी की हत्या से पहले उड़ीसा में लंबी उपस्थिति के रहस्य की जांच जरूरी है। 13 अगस्त को स्वामीजी की हत्या की धमकी वाला पत्र चक्कपाद आश्रम में मिला। इसका स्थानीय समाचार-पत्रों में व्यापक प्रचार हुआ और राज्य सरकार को भी इसकी सूचना दी गई, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।

स्वामी लक्ष्मणानंद इस क्षेत्र में समाज सुधारक के नाते जाने जाते थे। जनजातियों से शराब, तंबाकू की आदत छुड़वाना, साफ-सुथरे रहकर भगवद् चिंतन और उच्च शिक्षा की ओर प्रवृत्ता करना उनके मुख्य योगदान थे। उन्होंने जनजातीय क्षेत्र में संस्कृत विद्यालय की स्थापना की। आर्थिक विकास, चिकित्सकीय सहायता जैसे अनेक प्रकल्प आज भी स्वामीजी के प्रयासों से चल रहे हैं। उनकी हत्या से किसे लाभ हो सकता था? स्थानीय ईसाई तत्वों ने उनकी हत्या के बाद प्रचारित किया कि माओवादी-नक्सली तत्वों ने उन्हें मारा है। जब माओवादियों की ओर से स्थानीय प्रेस को अधिकृत बयान दिया गया कि इस हत्या में उनका कोई हाथ नहीं है तब यह भ्रामक प्रचार रुका। वस्तुत: दुनिया में ईसाइयत ने सर्वाधिक रक्तरंजित बर्बरता जनजातीय समाज पर ही करते हुए उन्हें मतांतरित किया। 1493 में कोलंबस ने भारत की खोज के भ्रम में अमेरिका खोजा। कोलंबस के समय अमेरिका और कैरेबियन में 10 करोड़ जनजातीय लोग थे। उसके बाद सिर्फ सौ वर्ष के कालखंड में सात करोड़ लोग बर्बरतापूर्वक मार डाले गए। क्यूबा, प्यूर्टोरिको और जमैका के 30 लाख जनजातीय लोग 50 वर्ष के कालखंड में सिर्फ 200 रह गए। । ब्राजील, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के जनजातीय समाज को भी इसी प्रकार या तो मार डाला गया या ईसाई बनाया गया।

चर्च आक्रामकता के साथ हिंदू देवी-देवताओं के प्रति अभद्र प्रचार करते हुए हर संभव साधन से हिंदुओं के मतांतरण में जुटता है तो उस कारण सामाजिक विखंडन पैदा होता है। स्वेच्छा से कोई किसी भी आस्था को माने तो कभी किसी को आपत्तिनहीं होती, लेकिन छल-बल से हिंदू जनसंख्या घटाने का षड़यंत्र प्रतिक्रिया पैदा करता है। आक्रामक ईसाइयत केवल हिंदू और बौद्ध देशों तक ही क्यों सीमित है-इस्लामी देशों में क्यों नहीं? हिंदुओं की सर्वपंथ समभाव की धर्मनीति का सम्मान करने के बजाय उनके मतांतरण का अभियान क्यों किया जाता है?

No comments:

Post a Comment