Monday, October 13, 2008

बुरहानपुर हिंसा: मृतकों की संख्या आठ हुई

दैनिक जागरण, ११ अक्तूबर २००८, बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के क‌र्फ्यूग्रस्त बुरहानपुर जिले के बिरोदा गांव से शनिवार दोपहर तीन और शव बरामद होने से सांप्रदायिक हिंसा में मरने वालों की संख्या आठ हो गई है। जिले में तनाव को देखते हुए आज भी क‌र्फ्यू में कोई ढील नहीं दी गई है। पुलिस दंगों के पीछे सिमी के हाथ होने की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार बुरहानपुर से करीब आठ किलोमीटर दूर बिरोदा गांव में एक खेत से आज दोपहर तीन शव बरामद हुए जिसमें एक महिला और दो पुरुषों के शव हैं। तीनों पर धारदार हथियारों के निशान हैं। इसके साथ ही गंभीर रूप से घायल तीन और व्यक्ति इसी खेत से पाए गए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का मानना है कि उपद्रवियों से बचने के लिए वे लोग अपना घर छोड़कर खेत में किसी सुरक्षित स्थान की तलाश कर रहे होंगे, लेकिन हिंसक तत्वों के शिकंजे में आ गए। इससे पहले पुलिस फायरिंग में घायल हुए दो लोगों ने कल देर रात इंदौर के महाराजा यशवंतराव अस्पताल में दमतोड़ दिया।

इस बीच, संभागायुक्त वीपी सिंह और पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार ने आज बुरहानपुर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। दोनों उच्चाधिकारी स्थिति पर नजर रखने के लिए यहां कैंप किए हुए हैं। कुमार ने बताया कि उपद्रव में 25 व्यक्ति घायल हुए, 27 दुकानें और तीन मकान जल गए। घायलों का बुरहानपुर के जिला चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक 142 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुमार ने बताया कि हिंसक घटना के पीछे किन तत्वों का हाथ हो सकता है, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया [सिमी] का भी बुरहानपुर गढ़ रहा है, अत: इस बारे में भी जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि दशहरे के मौके पर यहां दो संप्रदायों के बीच दंगा भड़क उठा था।

No comments:

Post a Comment